
शशि मिश्रा
बिलासपुर। रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 15 लाख रुपए की ठगी करने वाली महिला की बेटी बैंक खाता धारक को पुलिस ने विशाखापटनम से गिरफ्तार कर लिया है। तोरवा पुलिस के अनुसार सांई भूमि निवासी एन व्यकंट प्रताप राव की विशाखापटनम निवासी नेतीनी इंद्राणी से जान पहचान थी। उसके पिता रेलवे विभाग में नौकरी कर रहे थे। श्री राव ने अपने बेटे की रेलवे में नौकरी लगवाने के लिए उनसे मुलाकात की। नेतीनी इंद्राणी ने अपने पिता के माध्यम से उनके बेटे की नौकरी लगवा देने का आश्वासन दिया। वर्ष 2020 से 2025 तक श्री राव ने उन्हें चेक, आरटीजीएस व ऑनलाइन के माध्यम से 15 लाख रुपए दिया। उसके बाद महिला विशाखापटनम चली गई। बेटे की नौकरी नहीं लगने पर उन्होंने महिला से पूछताछ की तो वह गुमराह करने लगी। उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो इनकार कर दी। श्री राव की रिपोर्ट पर पुलिस ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया था। पुलिस ने बैंक खातों की जांच करने के बाद पाया महिला की बेटी वेलीवेंटी व्यकंट नागा कीर्ति के बैंक खाते में ठगी के रकम ट्रांसफर की गई है। एएसआई देवेन्द्र तिवारी ने विशाखापटनम में दबिश देकर बैंक खाता धारक वेलीवेंटी व्यकंट नागा कीर्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
