
शशि मिश्रा

बिलासपुर। दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। शहर की कई निचली बस्तियां जलमग्न हो गई हैं, जहां से एसडीआरएफ की टीम लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी है। इसी बीच तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला का शव ऊर्जा पार्क के पास अरपा नदी में झाड़ियों में फंसा मिला, जिसे ईगल टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह स्थित ठाकुर देव मंदिर के पास रहने वाली करीब 65 वर्षीय परमिला शुक्रवार सुबह किसी काम से घर से निकली थीं। लगातार हो रही बारिश के कारण अरपा नदी और नालों में तेज बहाव था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह तेज पानी की धारा में बह गईं।
दोपहर बाद ऊर्जा पार्क के पास अरपा नदी में एक महिला का शव झाड़ियों में फंसा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ईगल टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान परमिला के रूप में हुई।
घटना की सूचना सरकंडा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर तेज बहाव में बह जाने से डूबने की आशंका जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई रिकॉर्ड बारिश के बाद बिलासपुर में करीब दो दशक बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है और एसडीआरएफ तथा जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
