तारबाहर उपचुनाव में प्रचार थमा, आज मतदान; भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) उपचुनाव के लिए शनिवार शाम प्रचार का शोर थम गया। मतदान से पहले आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। दोनों दलों ने विकास और जनसुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। वार्ड में 1 जून को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 जून को की जाएगी।

तारबाहर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। करीब चार दशक से कांग्रेस का गढ़ रहे इस वार्ड में पार्टी के लिए दिवंगत नेता गफ्फार की राजनीतिक विरासत को बनाए रखना चुनौती बना हुआ है। वहीं भाजपा इस बार जीत दर्ज कर कांग्रेस के मजबूत किले में सेंध लगाने की रणनीति के साथ मैदान में उतरी है।

भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव के समर्थन में महापौर पूजा विधानी, भाजपा शहर अध्यक्ष दीपक सिंह समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान महापौर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत, पेंशन एवं राशन योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की जीत होने पर सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद आजम के समर्थन में भी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी। पूर्व राज्यसभा सांसद इंग्रिड मैकलाउड, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष पिंकी बत्रा, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने वार्ड में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वार्ड के विकास और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की।

अब दोनों प्रमुख दलों की नजर 1 जून को होने वाले मतदान पर टिकी है। वार्ड के मतदाता किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं, इसका फैसला 4 जून को मतगणना के बाद सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!