मारपीट के बाद युवक की मौत, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित छठघाट शराब दुकान के पास हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार बापूनगर निवासी ईश्वर गोंड (पेंटर) गुरुवार को शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर लौटने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी दौरान परिचितों ने परिजनों को बताया कि शराब दुकान के पास ईश्वर का अशोक वाडेकर समेत कुछ लोगों से विवाद हुआ था और उसके साथ मारपीट की गई थी।

सिम्स में उपचार के दौरान ईश्वर की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन एम्बुलेंस से रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस सिम्स लाए और घटना की सूचना तोरवा पुलिस को दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के लीवर और किडनी में गंभीर क्षति मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब मारपीट और मौत के बीच संबंध की जांच कर रही है। जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक ईश्वर गोंड और आरोपी मनोज वाडेकर पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। दोनों के बीच पिछले कुछ वर्षों से विवाद चल रहा था और दोनों पूर्व में एक साथ जेल भी जा चुके हैं। पुलिस विवाद के कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!