

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित हत्या की साजिश मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या करने के षड्यंत्र में शामिल और आरोपियों को देशी कट्टा व कारतूस उपलब्ध कराने वाला पांच वर्षों से फरार आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में तत्कालीन थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक परिवेश तिवारी पुलिस टीम के साथ टाउन पेट्रोलिंग और अपराधियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगालीपारा गली नंबर-3 के पास कुछ युवक किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके से आरोपी सुमेश कश्यप निवासी ग्राम नेवसा, थाना रतनपुर को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों रॉकी उर्फ करण कश्यप और किशन कश्यप के साथ पुरानी रंजिश के चलते नेवसा निवासी मोंटी कश्यप की हत्या की योजना बना रहा था। इसके लिए उड़ीसा के राजगंगपुर निवासी कुंदन सागर उर्फ कुंदन शा से देशी कट्टा और कारतूस मंगवाए गए थे।
जांच के दौरान सुमेश कश्यप के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक कारतूस तथा रॉकी उर्फ करण कश्यप के कब्जे से एक कारतूस बरामद किया गया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश कर दिया था, लेकिन हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी कुंदन सागर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
मामले की विवेचना के दौरान चौकी मोपका पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश जारी रखी। हाल ही में पुलिस टीम ने उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के राजगंगपुर स्थित सिंधी मोहल्ला क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी कुंदन सागर उर्फ कुंदन शा (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1371/2021 में धारा 115, 120-बी भारतीय दंड संहिता तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लंबे समय से लंबित कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
