सकरी में चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 30 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि सकरी शराब भट्ठी रोड जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान से आरोपी राजेश मरकाम (32 वर्ष) निवासी अटल आवास, सकरी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे जप्त कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 493/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल तथा आरक्षक रूपेश कौशिक, पवन बंजारे और मनोज बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वाले और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!