खमतराई में खेत के बीच चल रहा था ‘काट-पत्ती’ जुआ, 8 जुआरी गिरफ्तार

बिलासपुर। जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने खमतराई क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खुले खेत में ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 हजार 700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त अन्य सामग्री जप्त की है।

पुलिस के अनुसार 30 मई को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई के एक खेत में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहगीरों को गवाह बनाकर मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, जबकि आठ आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार केंवट, विवेक दास मानिकपुरी, मनीष सिंह राजपूत, नीरज राव, नंनका साहू, गौकरण साहू, सुभाष सूर्यवंशी तथा अंकित गोले उर्फ सोमू शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14,700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और बोरी फट्टी बरामद कर जप्त कर लिया। मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

सरकंडा पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!