

बिलासपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, एक धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल और नगदी रकम जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगडबरी निवासी संजय कुमार कुर्रे (30), मणीशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) शामिल हैं।

अलग-अलग क्षेत्रों में की थी वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 मई 2026 को सिरगिट्टी क्षेत्र में बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने चालक के साथ मारपीट की थी।
इसके बाद 24 मई को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे।
वहीं 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी करने का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व घटनाओं का विश्लेषण करते हुए कई स्थानों पर दबिश दी, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रात में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी और लूटपाट की वारदात करते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं करना कबूल किया है।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपए नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कॉर्पियो वाहन, चाकू और 800 रुपए नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के कब्जे से 1200 रुपए नगद बरामद किए हैं। साथ ही 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया है।
जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के दो अन्य मामलों में भी पाई गई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
