

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लहराकर राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ जब्त कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चांटीडीह रामायण चौक निवासी मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम (21) तथा सूर्या चौक चिंगराजपारा निवासी राजा ठाकुर (24) शामिल हैं।
पुलिस को 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामायण चौक और पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मेन रोड सरकंडा में कुछ युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं तथा गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार और एक चापड़ बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
