
बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में शराब दुकान के पीछे स्थित सूखी नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर तोरवा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान तोरवा बस्ती निवासी अशोक पटेल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक बुधवार सुबह से ही अत्यधिक शराब के नशे में था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह लड़खड़ाते हुए सूखी नहर की ओर जाता दिखाई दिया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ घंटों बाद उसका शव नहर में पड़ा मिला।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच के दौरान अत्यधिक शराब सेवन और भीषण गर्मी के कारण हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
