अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, कोल डिपो सील, जेसीबी और हाइवा छोड़कर भागे चालक, 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त

बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। सोमवार को कलेक्टर और एसएसपी द्वारा कोल डिपो संचालकों की बैठक लेकर चेतावनी दिए जाने के कुछ घंटों बाद ही खनिज विभाग ने रतनपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।

खनिज विभाग की टीम ने ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो पर छापा मारकर डिपो को सील कर दिया। जांच में पता चला कि डिपो का भंडारण लाइसेंस समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां अवैध रूप से कोयले का कारोबार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला, एक ट्रेलर और एक लोडर मशीन जब्त की गई। मौके पर मौजूद मशीनरी को भी सील कर दिया गया।

संयुक्त जांच अभियान के दौरान शासकीय भूमि पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन का मामला भी सामने आया। विभागीय टीम ने मौके से दो जेसीबी मशीनें जब्त कीं। वहीं कार्रवाई की भनक लगते ही दो हाइवा वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। विभाग ने दोनों हाइवा को भी सील कर दिया।

जब्त ट्रेलर और दोनों जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि लोडर और हाइवा वाहनों को मौके पर ही सील किया गया।

खनिज विभाग ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान पचपेड़ी में अवैध चूना पत्थर परिवहन करते एक हाइवा तथा लावर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते दो हाइवा जब्त किए गए।

लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!