शनिचरी बाजार में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 40 किलो खराब आम नष्ट

बिलासपुर। शहर में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को शनिचरी बाजार क्षेत्र में फल विक्रेताओं की जांच की। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा कलेक्टर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान 13 फल दुकानों का निरीक्षण किया गया।

जांच टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पंजीयन और फलों की गुणवत्ता की जांच की। अधिकारियों ने विक्रेताओं को सड़े-गले फल बिक्री नहीं करने तथा फलों को केवल नियमानुसार पकाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश भी दी गई।

निरीक्षण के दौरान शनिचरी बाजार स्थित जय माता दी फ्रूट भंडार से 10 किलो खराब आम तथा शशि फल भंडार से 30 किलो खराब आम जब्त किए गए। खराब पाए गए कुल 40 किलो आम को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि गर्मी के मौसम में फलों की गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है। अभियान के तहत आगे भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!