अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, तिफरा बिजली कार्यालय का किया घेराव

बिलासपुर। नवतपा के पहले दिन भीषण गर्मी और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के पूर्व अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी के नेतृत्व में तिफरा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया गया। तेज धूप और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच हुए इस आंदोलन में बेलतरा विधानसभा सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और ग्रामीण शामिल हुए।

सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में आंदोलनकारियों ने “बिजली कटौती बंद करो” जैसे नारे लगाए और हाथों में कूलर व फ्रिज के पोस्टर लेकर विरोध जताया। बिजली कार्यालय के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। करीब दो घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार पर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी बिजली कार्यालय का मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुस गए। हालांकि पहले से ही मुख्य अभियंता कार्यालय का गेट बंद कर दिया गया था और वहां भी भारी पुलिस बल मौजूद था। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता परिसर में ही धरने पर बैठ गए और चिलचिलाती धूप में प्रदर्शन जारी रखा।

प्रदर्शन में बेलतरा, बिल्हा, बिलासपुर, मस्तूरी, तखतपुर, रतनपुर, तिफरा, सकरी और सीपत सहित विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे। बाद में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता अंबष्ट सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया और बिजली व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।

इस दौरान ने राज्य सरकार और बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली उत्पादन होने के बावजूद प्रदेश की जनता अंधेरे में रहने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि विभाग हर साल तैयारी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करता है, लेकिन थोड़ी सी आंधी या बारिश में पूरा सिस्टम ठप हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग पूरी तरह ठेका पद्धति पर निर्भर हो गया है, जिससे समय पर सुधार कार्य नहीं हो पाता।

उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से छात्र, किसान, छोटे व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। मई-जून में नीट, पीएससी और अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी खराब बताते हुए उन्होंने अलग-अलग पेट्रोलिंग वाहन, पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति और ट्रांसफार्मर व लाइनों के नियमित मेंटेनेंस की मांग की।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने भी बिजली विभाग के कॉल सेंटर और शिकायत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो रहा है।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!