

बिलासपुर। जिले में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ दर्ज मामलों की प्रभावी जांच और फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चेतना सभागार पुलिस लाइन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से शामिल किया गया। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी (आरओसी) कार्यालय बिलासपुर के अधिकृत अधिवक्ता हर्षल चौहान और आईटी सेल अधिकारी प्रणव भट्टाचार्य ने चिटफंड कंपनियों से संबंधित तकनीकी और कानूनी जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने अधिकारियों को मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स की वेबसाइट के माध्यम से कंपनियों की ऑनलाइन जानकारी प्राप्त करने, डायरेक्टर और पंजीकृत कंपनियों की जानकारी खोजने तथा सीआईएन नंबर के जरिए कंपनी का विस्तृत विवरण निकालने की प्रक्रिया समझाई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में थाना प्रभारियों के साथ थानों में पदस्थ सीसीटीएनएस आरक्षक भी उपस्थित रहे। उन्हें चिटफंड कंपनियों के पंजीयन, आरओसी रिकॉर्ड और ऑनलाइन डेटा के विश्लेषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ दर्ज मामलों की विवेचना को अधिक प्रभावी बनाना, फरार आरोपियों का पता लगाना और मजबूत साक्ष्यों के साथ मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत करना है।
