कोल माफिया पर हिर्री पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिपो मालिक समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने कोयला हेराफेरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोल डिपो मालिक, वाहन मालिक और तीन ट्रेलर चालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला भरने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केशरी, निवासी पेण्ड्रा, कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है। उसने शिकायत दर्ज कराई कि एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला तीन ट्रेलरों में लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड सिलतरा भेजा गया था।

आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और उसके साथियों ने ट्रेलरों को नरेश अग्रवाल के कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक ट्रेलर से करीब पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतरवा लिया। इसके बाद ट्रेलरों में निम्न गुणवत्ता का 4700 जीसीवी कोयला भरकर सिलतरा स्थित प्लांट भेज दिया गया।

मामले की शिकायत मिलने पर हिर्री थाना में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा ने टीम गठित कर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और निम्न गुणवत्ता वाले कोयले का सैंपल परीक्षण के लिए भेजा।

जांच के बाद पुलिस ने डिपो मालिक नरेश अग्रवाल, वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू तथा ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!