

बिलासपुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकण्डा थाना एवं चौकी मोपका पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर, हेरोइन और प्रतिबंधित कफ सिरप जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार थाना सरकण्डा क्षेत्र में आरोपी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास, निवासी सिविल लाइन, के कब्जे से 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 7.50 ग्राम हेरोइन, 20 नग प्रतिबंधित कफ सिरप तथा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BF 4767 जप्त की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2 लाख 72 हजार 500 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सरकण्डा में अपराध क्रमांक 766/2026 के तहत धारा 21 और 22 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।

इसी तरह चौकी मोपका पुलिस ने बायपास रोड धान मंडी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुभाष देवांगन, निवासी चिंगराजपारा सरकण्डा, को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 13 नग प्रतिबंधित Onerex कफ सिरप जप्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 765/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर नशीली दवाओं के नेटवर्क और सप्लायरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
