बिलासपुर के विकास नगर में मकान में भीषण आग, पूरा घरेलू सामान जलकर राख

शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के पॉश इलाके 27 खोली विकास नगर में सोमवार रात एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे में घर का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई।

जानकारी के अनुसार जिस मकान में आग लगी, वहां ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाला परिवार किराए से रहता है। परिवार में 6 से 8 सदस्य हैं। आग लगने के बाद घर में रखे बिस्तर, पलंग, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे से इलाके की बिजली बंद थी। शाम को घर की महिलाओं ने पूजा के लिए दिया जलाया था और बाद में सभी लोग घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान घर के अंदर अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि जलते हुए दिए से आग फैली।

आग बढ़ती देख कॉलोनी के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सिविल लाइन पुलिस को जानकारी दी गई।

स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि फायर स्टेशन पास में होने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!