ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और कार जप्त

बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी मोबाइल फोन, व्हाट्सएप और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, सट्टे से जुड़े चैट और स्क्रीनशॉट सहित एक KIA कार जप्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में पुराना पावर हाउस तोरवा निवासी 45 वर्षीय निखिल शर्मा तथा देवरीखुर्द पावर हाउस निवासी 30 वर्षीय अविनाश पंजवानी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध जुआ और क्रिकेट सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एफसीआई चौक माल गोदाम तारबाहर क्षेत्र में दो व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

जांच में आरोपी इंटरनेट और व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पाए गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे नागपुर निवासी निखिल शर्मा और सतना निवासी सचदेवा नामक व्यक्तियों के संपर्क में रहकर “Balajionline777” और “JMDBET” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें विभिन्न नंबरों पर सट्टे से संबंधित चैट, हिसाब-किताब और लेनदेन के रिकॉर्ड मिले। इनका स्क्रीनशॉट लेकर विधिवत जप्त किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त KIA कार जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों और ऑनलाइन नेटवर्क की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!