भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, विनोबा नगर में ट्रांसफॉर्मर जला, कई इलाकों में घंटों गुल रही सप्लाई

बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों से लोग परेशान हैं। सोमवार को विनोबा नगर एल-5 गली के सामने लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। तेज धमाके के साथ ट्रांसफॉर्मर से धुआं और लपटें निकलने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। रहवासियों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर लंबे समय से ओवरलोड चल रहा था और कई बार स्पार्किंग की शिकायत भी की गई थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं होने से यह घटना हुई। ट्रांसफॉर्मर जलने के कारण आसपास के कई घरों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।

इधर मंगला क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से लगातार बिजली बंद होने और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग स्थायी समाधान करने के बजाय केवल अस्थायी मरम्मत कर रहा है, जिससे परेशानी खत्म नहीं हो रही।

रोहिणी विहार में सोमवार सुबह करीब 10 बजे बिजली गुल हुई, जो दोपहर 12 बजे बहाल हुई। इसके कुछ ही समय बाद दोपहर 2 बजे फिर सप्लाई बंद हो गई और रात 8 बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। वहीं सरकंडा क्षेत्र के वसंत विहार, बंधवापारा और जोरापारा में भी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रही। उमस भरी गर्मी में चार से पांच घंटे तक बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में लाइन फाल्ट, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड और केबल खराब होने जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। विभाग द्वारा लगातार मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

उधर उद्योगपतियों के विरोध के बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में बिजली विभाग ने मेंटेनेंस कार्य शुरू कर दिया है। जिला उद्योग संघ के महासचिव ने बताया कि रविवार को सुबह 9:30 बजे से शाम 3 बजे तक बिजली बंद रखकर मेंटेनेंस का काम किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!