दरवाजे की जाली काटकर घर में घुसे चोर, जेवर और नकदी पार

शशि मिश्रा

बिलासपुर के सरकण्डा थाना क्षेत्र में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर दरवाजे की जाली काटकर घर के अंदर घुसे और दो आलमारियों को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जोरापारा निवासी परिवेश सोनी गोलबाजार में इडली-डोसा की दुकान चलाते हैं। उनकी पत्नी मायके गई हुई हैं। 19 मई की सुबह करीब 6.30 बजे परिवेश सोनी अपने भाई पंकज सोनी के साथ घर में ताला लगाकर दुकान चले गए थे। दोपहर करीब 1.30 बजे दुकान बंद कर जब वे वापस घर पहुंचे तो ताला खोलने के बाद अंदर का मेन गेट बंद मिला।

शक होने पर उन्होंने अपने भाई और जीजा को बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। घर के अंदर दोनों कमरों की आलमारियों के ताले टूटे हुए थे। पंकज सोनी की आलमारी से सोने की चेन, दो लॉकेट, सोने की अंगूठी और करीब 50 हजार रुपए नकद गायब मिले।

परिवेश सोनी ने बताया कि उनकी पत्नी के मायके से लौटने के बाद ही उनके कमरे से चोरी हुए सामान का सही आंकलन हो सकेगा। सूचना मिलने पर सरकण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।

पुलिस ने परिवेश सोनी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!