उधारी के पैसे वापस मांगने के बहाने महिला से अनाचार, आरोपी गोवर्धन लाल शर्मा गिरफ्तार

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा।
जांजगीर-चांपा जिले में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई की है। महिला थाना जांजगीर पुलिस ने उधारी का पैसा वापस लेने के बहाने एक महिला को अकेले बुलाकर उसके साथ अनाचार करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अकेले बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी जरूरत के समय आरोपी गोवर्धन लाल शर्मा (उम्र 45 वर्ष, निवासी चांपा) से कुछ पैसे उधार लिए थे। बीते दिनों आरोपी ने पीड़िता को उधारी की रकम वापस लेने के बहाने अकेले बुलाया। जब महिला वहां पहुंची, तो आरोपी ने उसके साथ जबरन अनाचार (दुष्कर्म) किया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना जांजगीर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध दर्ज किया। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गोवर्धन लाल शर्मा को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नई धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की है।

इस टीम को मिली सफलता

इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में डीएसपी (अजाक) श्रीमती सतरूपा तारम, महिला थाना प्रभारी सीलमनी टोप्पो, मुख्य आरक्षक (मप्रआर) एनुका तिर्की, आरक्षक गणेश्वर दिवाकर, डाकेश्वर राय और महिला आरक्षक शीला भारद्वाज सहित महिला थाना जांजगीर के स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!