
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए 21 मई से 14 जून तक विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन बिलासपुर मंडल में 25 ट्रेनों और बिलासपुर स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग, मुख्य टिकट निरीक्षकों, टीटीई और आरपीएफ स्टाफ ने संयुक्त कार्रवाई की। जांच के दौरान कुल 768 मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 लाख 97 हजार 355 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 487 यात्रियों से 3 लाख 62 हजार 95 रुपए, अनियमित टिकट के 259 मामलों से 1 लाख 33 हजार 60 रुपए, बिना बुक लगेज के 21 मामलों से 2 हजार 100 रुपए तथा गंदगी फैलाने के एक मामले में 100 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही यात्रियों से उचित टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की गई है।
