
शशि मिश्रा

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिक्षेत्र स्थित तितली चौक के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नाले में शव पड़े होने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों के साथ-साथ आसपास के जिलों की पुलिस को भी भेजी गई है। इसके अलावा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मृतका की शिनाख्त होने के बाद ही उसकी मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
