
बिलासपुर के स्थित बैराग तालाब में गुरुवार सुबह नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक को बचाने के लिए तालाब में कूदे उसके दो भाइयों को ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतक की पहचान (19) निवासी ग्राम अमसेना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम अमसेना निवासी किसान प्रभात कौशिक बोदरी वार्ड-7 में नया मकान बनवा रहे हैं। निर्माण कार्य की देखरेख के लिए उनके बेटे वहां आए हुए थे।गुरुवार सुबह तेज गर्मी और उमस से राहत पाने हिमांशु, उसका भाई वैभव उर्फ विशु कौशिक और चचेरा भाई शिवांश कौशिक बैराग तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय हिमांशु तालाब के उस हिस्से में चला गया, जहां अवैध खनन के कारण गहरा गड्ढा बन गया था। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वह डूबने लगा।हिमांशु को बचाने के लिए वैभव और शिवांश भी तालाब में कूद गए, लेकिन गहराई ज्यादा होने से दोनों भी डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला, जबकि हिमांशु की मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि दो साल पहले तालाब में बड़े पैमाने पर मिट्टी और गिट्टी का अवैध खनन हुआ था, जिससे 10 से 15 फीट गहरे गड्ढे बन गए। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार पिछले साल भी इसी तालाब में दो बच्चों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद अमसेना गांव में शोक का माहौल है।
