
बिलासपुर के क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी। लगातार छह दिनों से मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम के जल विभाग ने नूतन चौक और अशोक नगर की ओर जाने वाली पाइप लाइन की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी है। वहीं मेलापारा-चांटीडीह लाइन की जलापूर्ति रोककर जांच शुरू कर दी गई है।
गुरुवार सुबह कई इलाकों में लोगों के घरों तक मटमैला और बदबूदार पानी पहुंचा। बाद में पानी कुछ हद तक साफ जरूर हुआ, लेकिन रहवासियों का कहना है कि पानी अब भी पूरी तरह स्वच्छ नहीं है। लोगों ने संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका जताई है।
सबसे ज्यादा परेशानी नेपाली मोहल्ला, ग्लैमरस ब्यूटी पार्लर गली और अग्रवाल किराना स्टोर इलाके के लोगों को उठानी पड़ी। प्रभावित क्षेत्रों में निगम की ओर से दो टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया गया। स्थानीय पार्षद के आग्रह पर निजी बोरवेल से भी लोगों को पानी उपलब्ध कराया गया। दिनभर लोग बर्तन और डिब्बे लेकर पानी भरते नजर आए।
जल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मेलापारा लाइन से शुक्रवार को दोबारा पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद यह तय किया जाएगा कि सप्लाई का पानी पूरी तरह साफ हुआ है या नहीं। फिलहाल प्रभावित पाइप लाइनों की फ्लशिंग और जांच का काम जारी है।
इधर वार्ड 60 और 62 स्थित कपिल नगर सरकंडा में गंदे पानी की शिकायत मिलने पर मेयर ने जल विभाग के इंजीनियरों के साथ मौके का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अब पहले की तुलना में साफ पानी आ रहा है। मेयर ने अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
