
शशि मिश्रा

बिलासपुर की एक चर्चित भाजपा नेत्री के साथ कथित दुष्कर्म कर ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह ने महिला के साथ दिल्ली में दुष्कर्म किया। दोनों की दिल्ली में ही मुलाकात हुई थी। तब कथित तौर पर आरोपी कारोबारी ने माइनिंग में निवेश के बहाने महिला से नजदीकियां बढ़ाई।

बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली इस महिला ने भाजपा से टिकट की दावेदारी भी की है। उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता है। करीब 2 साल पहले उनकी पहचान रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी । इस दौरान संजय सिंह ने खुद को बड़ा कारोबारी बताया। साथ ही इस भाजपा नेत्री को निवेश करने पर अच्छी कमाई का लालच दिया। इसके बाद महिला भी साझेदारी के लिए तैयार हो गई। इसी दौरान दोनों के बीच करीबी बनी। भाजपा नेत्री का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए दिल्ली में उसके साथ उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। अब महिला का आरोप यह भी है कि इसी संबंध के आधार पर संजय सिंह उसे लगातार ब्लैकमेल कर पैसे की डिमांड कर रहा है।
भाजपा नेत्री ने सिविल लाइन थाने में की गई शिकायत में बताया कि कारोबारी संजय सिंह ने अलग-अलग किस्तों में उनसे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए । महिला ने आरटीजीएस सहित अलग-अलग माध्यम से रुपए लिए, जिसके बाद वह नगद इन्वेस्टमेंट करने का झांसा देता रहा। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो कारोबारी उसे ब्लैकमेल करने लगा। मानसिक रूप से परेशान होने के बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर झारखंड में दबिश भी दी है, फिलहाल आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर है। इस घटना के प्रकाश में आने के बाद पूरे शहर में चर्चा है कि आखिर वह महिला भाजपा नेत्री कौन है, जिसने ढाई करोड़ रुपए भी गंवाए और इज्जत भी, लोग कह रहे हैं ऐसी महिला क्या नेता बनेगी।
