
शशि मिश्रा

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित जबड़ापारा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जबड़ापारा निवासी अभय सिंह ट्रक चालक है और 15 मई को अपनी नानी के घर आया हुआ था। अभय ने शिकायत में बताया कि 18 मई की रात करीब 11:30 बजे वह मोहल्ले में घूमने निकला था। इसी दौरान मोहल्ले के रितेश उर्फ बाबू पंडित ने उसके मामा से चल रही पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि रितेश ने “तेरा मामा समझौता क्यों नहीं कर रहा” कहते हुए अभय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और रितेश के साथ मौजूद धीरज रजक ने अभय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान रितेश और राहुल सिसोदिया ने पत्थर उठाकर अभय के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया।
घायल युवक की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
