
शशि मिश्रा
बिलासपुर
सस्ते में कार दिलाने का झांसा देकर टीवीएस कंपनी के मैनेजर से 16 लाख रुपए की ठगी कर ली गई है। पुलिस अपराध कायम कर जांच में जुट गई है।
सकरी टीआई विजय कुमार चौधरी ने बताया, घुरू गोकुलधाम निवासी प्रतीक कुमार सोनी टीवीएस कंपनी मुंगेली में मैनेजर हैं। उनके रिश्तेदार मुंगेली निवासी लक्ष्य सोनी ने उन्हें खुद की कंपनी बिट किंग एसएमएस के बारे में जानकारी देते हुए दावा किया वह कार, बाइक, इलेक्ट्रानिक सामान कम कीमत में उपलब्ध कराता है। अगस्त 2024 में लक्ष्य ने उन्हें एमजी हेक्टर कार सस्ते में दिलाने का आफर दिया। उसने कहा कि 24 लाख की गाड़ी मात्र 12.2 लाख रुपए में उपलब्ध करा देगा। उसकी बातों में आकर उन्होंने अलग अलग तिथियों में बैंक ट्रांसफर और यूपीआई के माध्यम से 12.22 लाख रुपए उसे दे दिया। काफी समय तक टालमटोल करने के बाद लक्ष्य ने नवंबर 2024 में गाड़ी तो दे दी।
उसके बाद लक्ष्य ने उन्हें महिंद्रा थार व स्विफ्ट कार कम कीमत में दिलाने का लालच दिया। 18 लाख से ज्यादा कीमत वाली थार 7.60 लाख रुपए व 10 लाख की स्विफ्ट कार को 6.11 लाख में दिलाने का दावा किया। उन्होंने दोनों गाड़ी खरीदने के लिए पैसा दे दिया। बाद में उन्हें पता चला तीनों गाड़ी फायनेंस हुई है। लक्ष्य उन्हें 6 माह में फायनेंस क्लियर करवा देने की बात कहीं, किन्तु ऐसा नहीं हुआ।
इस तरह से श्री सोनी से 25 लाख 93 हजार लेकर केवल 9 लाख 50 हजार रुपए गाड़ियों का पेमेंट किया गया ह। शेष रकम 16 लाख 43 लाख रुपए अपने पास रख लिया है। पुलिस ने श्री सोनी की रिपोर्ट पर लक्ष्य सोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
