
शशि

बिलासपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने शनिवार सुबह सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने 90 लोगों को हिरासत में लेकर सत्यापन और पूछताछ की, जिनमें से 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान में शहर के सभी थाना क्षेत्रों की टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। जांच के बाद 76 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

अभियान के दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिला बदर और अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
