
शशि मिश्रा
बिलासपुर। रेल मंडल बिलासपुर के टीटीई रेस्ट हाउस में बाहर से ड्यूटी कर आने वाले टीटीई कर्मचारियों को अब आधुनिक सुविधाएं देने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत अब थके हारे टीटीई रेस्ट हाउस में आकर अपने शरीर का मसाज कराने के अलावा अन्य सुविधाएं भी ले सकेंगे।
बिलासपुर रेल मंडल में बाहर से आने वाले टीटीई कर्मचारियों के लिए सेकेरसा स्टेडियम के सामने टीटीई रेस्ट हाउस बनाया गया है। इसकी देखरेख की जिम्मेदारी कामर्शियल विभाग के ऊपर रहती है। वर्तमान में टीटीई रेस्ट हाउस की हालत काफी खराब हो गई थी। पुराने बेड सहित गंदगी और अन्य अव्यवस्था के कारण कर्मचारियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। प्रतिदिन टीटीई रेस्ट हाउस में झारसुगुड़ा से बिलासपुर, नागपुर, रायपुर से बिलासपुर, शहडोल, अनूपपुर से बिलासपुर आने वाली ट्रेनों में ड्यूटी करने वाले टीटीई कर्मियों की संख्या काफी अधिक रहती है। रेस्ट हाउस में आराम के अलावा इन्हें नाश्ता, चाय और भोजन की फेसिलिटी भी दी जाती है। जर्जर हो रहे टीटीई
रेस्ट हाउस को कामर्शियल विभाग की ओर से अब नया स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बाहर से आने वाले टीटीई कर्मचारियों के लिए उनकी थकान को दूर करने के लिए मसाज करने वाली मशीन, सभी रूम में एसी, फ्रिज, गिजर, साफ-सफाई के अलावा रंग रोगन का भी काम हो रहा है। सारी मशीनों को रेस्ट हाउस में लाकर रख दिया गया है। वहीं खान-पान के लिए आधुनिक किचन बनाकर आटोमेटिक रोटी मेकर, स्वच्छ भोजन, स्वच्छ बरतन भी रखे जा रहे हैं, ताकि किसी भी कर्मचारियों को किसी प्रकार की भी शिकायत न रहे।
