पति की मौत का सदमा नहीं सह सकी पत्नी, दो दिन बाद फांसी लगाकर दी जान

जोंधरा | बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में दर्दनाक घटना सामने आई है। पति की मौत के सदमे में पत्नी ने भी दो दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। 17 मई को रामनारायण अपने घर में टुल्लू पंप चालू कर रहे थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति की अचानक मौत के बाद से सुनीता बाई गहरे सदमे में थी। परिजनों के मुताबिक वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी।

मंगलवार देर रात सुनीता ने घर के एक कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों की नजर जब उस पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में पति-पत्नी की लगातार हुई मौत से मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!