बिलासा एयरपोर्ट में पहली बार रात में विमान की लैंडिंग और टेकऑफ, दिल्ली फ्लाइट ने रचा इतिहास

बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट ने बुधवार को एक नई उपलब्धि हासिल की। एयरपोर्ट पर पहली बार पूरी तरह रात के अंधेरे में विमान की सफल लैंडिंग और टेकऑफ कराया गया। नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद यह पहला अवसर था जब विमान ने रात 7:30 बजे रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से रीवा होते हुए आई एलायंस एयर की फ्लाइट रात 7:30 बजे बिलासा एयरपोर्ट पहुंची। विमान ने सफलतापूर्वक रनवे पर लैंडिंग की और करीब 15 मिनट बाद रात 7:55 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भर ली। इससे पहले एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन केवल शाम 6:45 बजे तक ही होता था, जब पर्याप्त उजाला रहता था।

इस ऐतिहासिक पल के दौरान एलायंस एयर और एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे। एलायंस एयर के कैप्टन कृषन मोदी, स्टेशन मैनेजर प्रसन्न सोनी, एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बीरेन सिंह सहित पूरा क्रू इस उपलब्धि का साक्षी बना। अधिकारियों ने पहली नाइट लैंडिंग को पूरी तरह सफल और संतोषजनक बताया।

गौरतलब है कि बिलासा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा की शुरुआत 8 मार्च से हो चुकी थी, लेकिन उस समय निर्धारित उड़ानों के दौरान पूरी तरह अंधेरा नहीं होता था। बुधवार पहली बार ऐसा हुआ जब विमान ने पूर्ण रात्रिकालीन परिस्थितियों में ऑपरेशन किया।

बता दें कि लंबे इंतजार के बाद 6 फरवरी 2026 को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को यूएसआई-आईएफआर श्रेणी में नाइट लैंडिंग का लाइसेंस जारी किया था। इस अनुमति के बाद एयरपोर्ट पर रात और कम दृश्यता की स्थिति में भी विमानों का सुरक्षित संचालन संभव हो सका है।

एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. बीरेन सिंह ने कहा कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास को नई गति मिलेगी। अब प्रतिकूल मौसम और रात के समय भी उड़ानों का संचालन निर्बाध रूप से हो सकेगा, जिससे यात्रियों को देश के बड़े शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!