मायके से लौटने पर पति-पत्नी में विवाद, पति ने कैंची से किया हमला

शशि मिश्रा

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला घायल हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ओमनगर जरहाभाठा निवासी सूरजा सूर्यवंशी घरेलू कामकाज कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण वह बच्चों के साथ अपने मायके गई हुई थीं। 17 मई को मायके से लौटकर ससुराल आने के बाद से ही उनके पति ईश्वर सूर्यवंशी उनसे विवाद करने लगे।

महिला के मुताबिक आरोपी पति बार-बार यह कहते हुए ताने दे रहा था कि “तेरा भाई तुझे छोड़ने क्यों नहीं आया।” इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार कहासुनी होती रही। 18 मई की रात करीब 8 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर कैंची से हमला कर दिया।

हमले में महिला के गले पर चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!