नाबालिग को भगाकर ले जाने और बलात्कार के मामले में आरोपी गिरफ्तार, जहर खिलाकर आत्महत्या की कोशिश का भी आरोप

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। बलौदा थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को भगाकर ले जाने, अनाचार करने और बाद में जहर खिलाकर आत्महत्या की कोशिश करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को एक नाबालिग बालिका घर से च्वाइस सेंटर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उसे भगा लिया है। शिकायत पर बलौदा थाने में गुम इंसान और अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार नाबालिग और आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा उर्फ ननकु (36) निवासी रसौटा थाना बलौदा को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग को अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल में बैठाकर भगा ले गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बदनामी के डर से खुद और नाबालिग को कीटनाशक दवा पिलाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!