

बिलासपुर। दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर और आदतन चोर को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद फरार होकर हरियाणा और दमन में लगातार लोकेशन बदलते हुए छिपा हुआ था। पुलिस पूछताछ में उसने बिलासपुर सहित अन्य जिलों में चोरी और लूट की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान (20) निवासी पावर हाउस धान मंडी के पास थाना तोरवा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2025 की रात पावर हाउस चौक स्थित धरमदास धमोचा की किराना दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने 10 से 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। शिकायत पर थाना तोरवा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के चौक-चौराहों और दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में दो युवक चोरी करते दिखाई दिए, जिनमें से एक की पहचान नैतिक प्रधान के रूप में हुई। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया था।
साइबर सेल की मदद से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जो हरियाणा और दमन क्षेत्र में लगातार बदलती मिली। इसी बीच 16 मई 2026 को अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आरोपी कुछ दिन पहले वापस अपने घर आया है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ लौटने के बाद अपने एक साथी के साथ अकलतरा क्षेत्र में तीन दुकानों के ताले तोड़कर कपड़ा दुकान में चोरी की थी। पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी और अकलतरा रेलवे स्टेशन में मोबाइल लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार तोरवा क्षेत्र से चोरी की गई रकम आरोपी अपने साथियों के साथ बांटकर खर्च कर चुका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। आरोपी को 17 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है। वहीं जांजगीर पुलिस भी आरोपी से अलग से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी।
