नदी किनारे और खानबाड़ा में जुआ फड़ों पर पुलिस की रेड, 8 जुआरी गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के चांटीडीह और नया पुल के पास संचालित हो रहे जुआ फड़ों पर पुलिस ने दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर कुछ जुआरी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 6 हजार 610 रुपए नकद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा पुलिस ने पहली कार्रवाई नया पुल के पास नदी किनारे की। यहां घेराबंदी कर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामकृपाल साहू, मोहम्मद मस्तकीम, दीपू कश्यप और सचिन कश्यप शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से और जुआ फड़ से कुल 3 हजार 10 रुपए नकद बरामद किए।

वहीं दूसरी कार्रवाई खानबाड़ा इलाके में की गई। यहां खुले मैदान में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर गौरव कश्यप, संटी कश्यप, सितांशु कश्यप और श्यामू कश्यप को पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!