

उत्तर प्रदेश के से रिश्तों, लालच और विश्वासघात से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के एक नामी पीतल कारोबारी हाजी साहब के घर हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में सबसे बड़ा नाम कारोबारी की अपनी बेटी अरीबा का सामने आया है, जिसने अपने प्रेमी अरशद वारसी के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम की साजिश रची।

जानकारी के अनुसार, हाजी साहब पीतल कारोबार के बड़े निर्यातक बताए जाते हैं और उनका करोड़ों रुपये का कारोबार देश-विदेश तक फैला हुआ है। उनकी बेटी अरीबा का संबंध एक निम्न मध्यमवर्गीय युवक अरशद वारसी से था। परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी नाराजगी और जल्दी अमीर बनने की चाहत ने दोनों को अपराध के रास्ते पर धकेल दिया।
बताया जा रहा है कि अरीबा और उसके प्रेमी अरशद वारसी ने मिलकर घर में ही डकैती की साजिश रची। योजना के तहत अरशद ने अपने पांच साथियों के साथ कारोबारी के घर में हथियारों के दम पर धावा बोला। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाया और करीब 1.5 करोड़ रुपये का माल लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान में लगभग 80 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में ज्वेलरी शामिल थी।

हालांकि, वारदात के बाद पुलिस को शुरुआत से ही घर के किसी करीबी पर शक था। इसकी सबसे बड़ी वजह यह रही कि घर के सभी मुख्य दरवाजों पर डिजिटल और पासवर्ड वाले ताले लगे हुए थे, लेकिन कहीं भी जबरन तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले। पुलिस को अंदेशा हुआ कि आरोपियों को घर की सुरक्षा व्यवस्था और पासवर्ड की पूरी जानकारी थी।
इसके बाद पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बातचीत के रिकॉर्ड ने धीरे-धीरे पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि डकैती की पूरी साजिश में कारोबारी की बेटी अरीबा खुद शामिल थी और उसने ही अपने प्रेमी को घर की सुरक्षा व्यवस्था, नकदी और जेवरात की जानकारी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने इस मामले में अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और उसके पांच साथियों के खिलाफ डकैती सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं कारोबारी परिवार गहरे सदमे में बताया जा रहा है।
