
शशि मिश्रा

Chhattisgarh के Janjgir-Champa जिले में गुरुवार को हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवतरा में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 की सुबह सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक Nivedita Pal और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Umesh Kashyap स्वयं घटनास्थल पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका था और करीब दो वर्ष पहले ही जेल से रिहा होकर वापस आया था। जेल से लौटने के बाद उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। मृतक की शिकायत पर पूर्व में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
