
शशि मिश्रा

पामगढ़ पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, नंदेली निवासी भैयाराम यादव ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AU-9399 को अज्ञात चोर घर के भीतर से चोरी कर ले गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 मई की रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह सो गए थे। सुबह उठने पर देखा कि घर का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था और मोटरसाइकिल गायब थी। आशंका जताई गई कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंकज कश्यप और उसके साथी चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पामगढ़ शराब भट्ठी के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 8 मई की रात तालाब पार में शराब पीने के बाद उन्होंने मिलकर भैयाराम यादव के घर में घुसकर मोटरसाइकिल चोरी की थी।
गिरफ्तार आरोपियों में अंशु पटेल उर्फ चिट्टी निवासी व्यासनगर पामगढ़, कुलदीप भानू निवासी नंदेली और पंकज कश्यप निवासी व्यासनगर थाना पामगढ़ शामिल हैं। मामले में शामिल नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2), 305(क) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, एएसआई संतोष बंजारे और प्रधान आरक्षक राजेश कुमार कोसले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
