केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रवाना हुए एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, बिलासपुर रेंज में हुआ गरिमामयी विदाई समारोह


बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में गुरुवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय (भा.पु.से.) के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति स्थानांतरण पर गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने आत्मीय वातावरण में उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने श्री वार्ष्णेय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री वार्ष्णेय एक सफल, अनुशासित और सत्यनिष्ठ अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विभागीय अनुशासन की नई मिसाल स्थापित की। उन्होंने साइबर अपराधों पर उनकी मजबूत पकड़ और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को विभाग की बड़ी उपलब्धि बताया।
आईजी श्री गर्ग ने कहा कि युवा अधिकारियों के लिए श्री वार्ष्णेय की कार्यशैली प्रेरणास्रोत है तथा उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने 23 अप्रैल 2025 से 8 मई 2026 तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पूर्व वे धमतरी और कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साइबर अपराधों के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता और सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति उनका विशेष योगदान व्यापक रूप से सराहा गया।
समारोह में अपने उद्बोधन के दौरान श्री वार्ष्णेय ने उन्हें दिए गए सम्मान के लिए आईजी श्री गर्ग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्थानांतरण के बाद भी यदि विभाग को उनकी आवश्यकता होगी तो वे हमेशा सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
विदाई समारोह में उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा सहित बिलासपुर रेंज कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!