
शशि मिश्रा
बिलासपुर। मंगला क्षेत्र के एक मकान से रहस्यमय ढंग से 3 लाख रुपए के सोने के जेवर की चोरी हो गई है। पूछताछ में नौकरानी से चोरी करने से इनकार कर दिया है। सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, मंगला अभिषेक विहार फेस 1 निवासी दवाई कंपनी के मैनेजर रितेश कुमार शर्मा पिता कौशल किशोर शर्मा ने रिपोर्ट लिखाई। 16 अप्रैल को उनकी पत्नी नीलम शर्मा ने उन्हें बताया कि उन्होंने दीवान के गद्दे के नीचे सोने की चेन रखी थी, जो नहीं मिल रही है। उन्होंने आलमारी चेक किया तो उसमें रखे एक जोड़ी सोने के टाप्स, एक जोड़ी बाली, पर्स भी नहीं था। उन्होंने घर में काफी तलाश की किन्तु जेवर नहीं मिला। उन्होंने घर में काम करने वाली पूनम यादव से पूछताछ की, उसने इस संबंध में जानकारी होने से इनकार कर दिया। अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर 3 लाख रुपए के सोने के जेवर की चोरी कर ली है। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
