सिम्स में इलाज के दौरान आदिवासी युवक की मौत, समाज ने लगाया लापरवाही का आरोप, कलेक्टर को ज्ञापन सौंप निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी


बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान एक आदिवासी युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला सर्व आदिवासी समाज ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मामला ग्राम लछनपुर निवासी 30 वर्षीय महेश सिंह राज से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार महेश सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था और उसके घुटने के नीचे सामान्य चोट आई थी। इलाज के लिए उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले महेश सामान्य स्थिति में था और बातचीत भी कर रहा था, लेकिन रात में ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आदिवासी समाज में आक्रोश व्याप्त है। समाज के पदाधिकारियों ने इसे गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का मामला बताते हुए दोषी डॉक्टरों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों के अनुसार कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है।
वहीं सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसे आईसीयू में भर्ती कर वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा था। डॉक्टरों की टीम ने मरीज को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आयुष सिंह राज, युवराज सिंह प्रधान, चरण सिंह राज, सूरज मरकाम, मनोज मरावी, राजेंद्र पोर्ते, अविनाश ध्रुव और भागीरथी ध्रुव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!