आंधी-बारिश से बिलासपुर में ब्लैकआउट, जन्मदिन पर जनसेवा में जुटे रहे शैलेश गोरख

शशि मिश्रा


बिलासपुर। भीषण गर्मी से जूझ रहे बिलासपुर में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज अंधड़ के चलते शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ। जगह-जगह पेड़ और उनकी भारी टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे दो दर्जन से अधिक बिजली पोल धराशायी हो गए और पूरा शहर ब्लैकआउट की स्थिति में पहुंच गया।


आंधी के कारण साइन बोर्ड, बैनर और फ्लेक्स उखड़कर बिजली तारों पर गिर गए, जिससे तार टूटने की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर छप्पर और शेड भी उड़ गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए 33 केवी लाइन बंद कर बिजली विभाग ने सुधार कार्य शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश ने कार्य में बाधा उत्पन्न की। शहर के साथ-साथ बेलतरा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर बनी रही।
इसी बीच बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की अनुपस्थिति में उनके निर्देश पर कार्यकर्ता और सहयोगी राहत कार्य में जुटे रहे। बेलतरा और राजकिशोर नगर क्षेत्र में ब्लैकआउट के दौरान भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री (पूर्व मंडल बेलतरा) एवं पूर्व सरपंच लिंगियाडीह शैलेश गोरख उर्फ शैलू स्वयं मैदान में उतर आए। उन्होंने बिजली कर्मचारियों के साथ मिलकर क्रेन की सहायता से गिरे पेड़ और बाधाओं को हटाने का कार्य किया तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयासों में देर रात तक सक्रिय रहे।


विशेष बात यह रही कि यह दिन शैलेश गोरख का जन्मदिन भी था। जहां सामान्यतः लोग इस अवसर को उत्सव और निजी आयोजनों के रूप में मनाते हैं, वहीं उन्होंने व्यक्तिगत खुशी से अधिक जनहित को प्राथमिकता दी। आधी रात तक वे लगातार राहत कार्य में जुटे रहे। इस दौरान जो भी उनसे मिला, उसने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ उनके इस समर्पण की सराहना की।


शैलेश गोरख ने कहा कि उन्हें जन्मदिन मनाने से अधिक संतोष लोगों की मदद करने में मिला। देर रात जब बिजली व्यवस्था बहाल हुई, तो उन्होंने इसे ही अपने जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार बताया।
यह घटनाक्रम न केवल विपरीत परिस्थितियों में जनसेवा की मिसाल प्रस्तुत करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि आपदा के समय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!