मोपका में चाकूबाजी से युवक की हत्या, 3 आरोपी व 2 नाबालिग चंद घंटों में गिरफ्तार


बिलासपुर, 3 मई 2026। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक स्थित कलकत्ता स्वीट्स के सामने हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर तीन आरोपियों सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अभय यादव (19 वर्ष), निवासी गुड़ीपारा संतोषी चौक मोपका, ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 मई को उसके बड़े पिताजी के पुत्र ओम प्रकाश यादव का पास ही रहने वाली एक युवती से बातचीत के दौरान अजीत सूर्यवंशी एवं उसके साथियों से विवाद हो गया था। इसी विवाद के निपटारे के लिए 2 मई की रात लगभग 10:30 बजे ओम प्रकाश यादव अपने साथियों—अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू—के साथ मोपका चौक पहुंचा था।


इस दौरान बातचीत के बीच विवाद फिर बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आशीष सूर्यवंशी ने अपने पास छिपाकर रखे धारदार चाकू से अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ओम प्रकाश यादव को भी मारपीट में चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मोपका चौकी एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार आरोपियों में आशीष सूर्यवंशी (22 वर्ष), महावीर सूर्यवंशी (23 वर्ष) और रघुवीर सूर्यवंशी (26 वर्ष) शामिल हैं, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!