मतगणना ड्यूटी में लगे शिक्षक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर, 3 मई 2026। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा में शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मतगणना ड्यूटी पर तैनात शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके विरुद्ध प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नेतराम पैकरा (34 वर्ष), निवासी कसडोल जिला बलौदाबाजार, ने 2 मई 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम घोघरा में जनगणना/मतगणना कार्य में संलग्न था। इसी दौरान स्थानीय निवासी निर्मल कुमार कांत (31 वर्ष) ने उससे “तुम कौन हो, क्या करने आए हो” कहते हुए विवाद किया और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उसके साथ मारपीट की।
रिपोर्ट के आधार पर थाना बिल्हा में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने 3 मई 2026 को आरोपी निर्मल कुमार कांत को पकड़कर थाना लाया, जहां पूछताछ के दौरान उसने घटना को स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साथ ही, आरोपी के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधक कार्रवाई भी की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!