मुंगेली पुलिस की पहल: 23 बच्चों को पायलट बनने की प्रेरणा, रायपुर एयरपोर्ट का कराया शैक्षणिक भ्रमण


मुंगेली, 02 मई 2026।
पुलिस परिवार कल्याण योजना के अंतर्गत मुंगेली पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस कर्मियों के 23 बच्चों को रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उड्डयन क्षेत्र में करियर के अवसरों से परिचित कराना और उन्हें पायलट बनने के लिए प्रेरित करना था।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के संरक्षण, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और विमान संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया। साथ ही भारतीय वायु सेना, थल सेना, नौसेना, तटरक्षक बल, नागरिक उड्डयन और CISF में उपलब्ध करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समन्वय जिला पुलिस मुंगेली द्वारा ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी रायपुर के सहयोग से किया गया।


इस दौरान बच्चों को भारतीय वायु सेना के फाइटर पायलट विंग कमांडर विवेक कुमार साहू एवं अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। अधिकारियों ने पायलट और तकनीकी विशेषज्ञ बनने की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और मेडिकल मानकों की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
छात्रों ने प्रशिक्षण विमान का अवलोकन करते हुए कॉकपिट के उपकरणों और नियंत्रण प्रणाली को करीब से देखा, जो उनके लिए बेहद उत्साहजनक अनुभव रहा। इस दौरान बच्चों में देश सेवा के प्रति उत्साह और उड्डयन क्षेत्र में करियर बनाने की नई प्रेरणा जागृत हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!