
शशि मिश्रा

बिलासपुर- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक यादव पिता संतोष यादव उम्र 22 वर्ष निवासी मोपका गुड़ी मोहल्ला के रूप में हुई है। अभिषेक बीए सेकेंड ईयर का छात्र था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मोपका चौक में पड़ोस की एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद शुरू हुआ। यह विवाद ओमप्रकाश यादव पिता बड़े गुड्डू उम्र 16 वर्ष और कुछ युवकों के बीच हुआ था।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करीब पांच युवक ओमप्रकाश के साथ मारपीट करने लगे। अपने छोटे चचेरे भाई को पिटता देख अभिषेक यादव बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचा। लेकिन आरोपियों का गुस्सा इतना बढ़ चुका था कि उन्होंने अभिषेक को ही निशाना बना लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने चापड़ निकालकर अभिषेक के गले पर जानलेवा वार कर दिया।

गंभीर चोट लगते ही अभिषेक खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तत्काल अभिषेक को लेकर अपोलो अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।इधर, जान बचाकर भागे ओमप्रकाश यादव को भी आरोपी दौड़ाते रहे। वह किसी तरह अपनी जान बचाते हुए नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचा और अंदर घुसकर शरण ली। बताया जा रहा है कि आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए थे।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जमा हो गए। युवक की हत्या से गुस्साए लोगों ने सरकंडा थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। करीब 50 से 60 लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इस घटना के बाद मोपका क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। एक मामूली विवाद में कॉलेज छात्र की हत्या ने कानून व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
