
शशि मिश्रा
तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब लिदरी नहर किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई की सुबह सूचना प्राप्त हुई कि लिदरी नहर के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में फोरेंसिक टीम ने सड़क दुर्घटना की आशंका जताई है, हालांकि अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
शिनाख्त के दौरान मृतक की पहचान महासमुंद जिले के कुर्मीपारा निवासी हरिशंकर वैष्णव (40 वर्ष), पिता लक्ष्मण दास वैष्णव के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले करीब 15 दिनों से तखतपुर में अपने मित्र के पास रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मृतक का मित्र दुष्यंत चंद्राकर तखतपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत है। 30 अप्रैल की रात दोनों ने साथ में शराब का सेवन किया था। इसके बाद मृतक रात करीब 8 बजे “बाहर से आ रहा हूं” कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर उसका मित्र घटनास्थल पर पहुंचा और शव की पहचान की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
