

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर नयापारा स्थित आनंद गली में 19 वर्षीय युवक मोहम्मद इरफान उर्फ बघीरा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आनंद गली में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में धारा 103 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना स्थल का एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम द्वारा निरीक्षण कराया गया। जांच में पता चला कि मृतक द्वारा अपने एक मित्र के साथ गाली-गलौज किए जाने से विवाद उत्पन्न हुआ था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों शेख नदीम उर्फ पीटू (19 वर्ष) और शेख नईम उर्फ टीकू (21 वर्ष), दोनों निवासी नयापारा गणेश नगर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
