बिलासपुर: ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक ड्राइवर से लूट, बुलेट सवार तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर छीने नकदी व मोबाइल


बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर परसदा में देर रात एक ट्रक चालक लूट का शिकार हो गया। काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने चालक को रोककर चाकू की नोक पर उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला के घुसरवार गांव निवासी सोनू बाजरा, जो वर्तमान में बिलासपुर स्थित बिलासा इंजीनियरिंग में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत है, 29 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे अपना ट्रक खड़ा कर पास के साहू ढाबा में भोजन करने गया था। भोजन के बाद जब वह वापस ट्रक की ओर लौट रहा था, तभी पीछे से बिना नंबर प्लेट की बुलेट पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसे रोक लिया।
बदमाशों ने चालक को धमकाते हुए चाकू अड़ा दिया और उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी शर्ट की जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर के भीतर की ओर भाग निकले। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण पीड़ित तत्काल मदद नहीं ले सका।
अगली सुबह चालक ने घटना की जानकारी अपने मालिक को दी और इसके बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) एवं 309(4) के तहत अपराध कायम किया गया है।
क्षेत्र में बढ़ती लूट की घटनाएं
चकरभाठा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
6 मार्च 2026: चकरभाठा में पुलिस बनकर ट्रेलर चालक से लूट
5 जून 2025: व्यापार विहार में दिनदहाड़े 1.50 लाख की लूट
17 अगस्त 2025: कोनी में ड्राइवर से लूट, विरोध करने पर हेल्पर की हत्या
27 जनवरी 2024: मस्तूरी में तीन ट्रकों से डीजल चोरी और लूट
7 अगस्त 2024: हिवी में चालक से नकदी और मोबाइल की लूट
लगातार हो रही इन वारदातों ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!